जंगली बंदर ने बस्ती में मचाया उत्पात, पालने से 5 माह की मासूम बच्ची को उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाला

जियाउल खान ,लखनपुर,/सरगुजा । लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी कला में शुक्रवार शाम एक जंगली बंदर के आतंक से पूरे गांव में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को शाम करीब 4 बजे एक जंगली बंदर बस्ती में घुस आया और उत्पात मचाने लगा। बंदर के डर से ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक गए।

इसी दौरान एक घर के अंदर पालने में सो रही 5 माह की मासूम बच्ची त्रिशिका प्रजापति (पिता – सुदर्शन प्रजापति) को बंदर ने उठा लिया और घर में रखे पानी से भरे प्लास्टिक के ड्रम में डाल दिया। परिजनों ने तत्काल बच्ची को ड्रम से बाहर निकालकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली बंदर को पकड़ने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles