मुंगेली,संदीप यादव।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के प्रति मुंगेली प्रशासन का सम्मान सिर्फ 15 अगस्त, 26 जनवरी, 30 जनवरी और 2 अक्टूबर तक ही सीमित है क्या?
ऐसा सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि गांधी जी की प्रतिमा के आसपास फैली शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल पानी के पाउच खबर प्रकाशित होने के बावजूद अब तक नहीं हटाए गए हैं।
- साल भर गंदगी, 4 दिन सफाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांधी प्रतिमा की सफाई और सम्मान का जिम्मा प्रशासन का सिर्फ राष्ट्रीय पर्वों पर ही याद आता है। बाकी 361 दिन प्रतिमा स्थल कचरे और शराबियों का अड्डा बना रहता है।
- गेट नहीं, इसलिए कोई भी करता है उत्पात
सबसे बड़ी लापरवाही ये है कि गांधी प्रतिमा परिसर में कोई गेट या बाउंड्रीवॉल नहीं है। इसी कारण कोई भी असामाजिक तत्व आसानी से अंदर घुसकर उत्पात मचाता है और नशा करता है। राष्ट्रपिता की प्रतिमा के पास इस तरह की हरकतें पूरे जिले को शर्मसार कर रही हैं।
- लोगों में आक्रोश, मांगी कार्रवाई
नागरिकों ने कहा कि क्या मुंगेली में महापुरुषों के लिए इतना ही सम्मान बचा है? उन्होंने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि:
1. प्रतिमा स्थल की तत्काल सफाई करवाई जाए
2. परिसर में गेट और बाउंड्रीवॉल का निर्माण हो
3. सीसीटीवी कैमरे लगाकर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जाए
- खबर प्रकाशित होने के बाद भी जिम्मेदारों की चुप्पी से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब जागता है।






