राजकुमार अग्रवाल ,सांकरा। मारवाड़ी युवा मंच सांकरा शाखा द्वारा स्थानीय स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय में एक विशेष अंगदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अंगदान के प्रति जागरूक करना और समाज में इसके लिए सकारात्मक सोच विकसित करना था।
*भ्रम दूर कर बताए महत्वपूर्ण तथ्य*
शिविर में विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंच के पदाधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को अंगदान से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों (Facts) और समाज में फैले विभिन्न भ्रमों (Myths) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है।
*युवाओं की जागरूकता बदलेगी भविष्य*
मंच के सदस्यों ने कहा कि अंगदान वास्तव में ‘महादान’ है। आज की युवा पीढ़ी यदि इस विषय को गंभीरता से समझेगी, तो आने वाले समय में समाज की सोच बदलेगी और कई अमूल्य जीवन बचाए जा सकेंगे। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने मारवाड़ी युवा मंच के इस पुनीत प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय का स्टाफ और मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।








