बलौदाबाजार,
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हरियाली पर्व हरेली तिहार के अवसर पर नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार एवं मोहल्ला विकास समिति वार्ड क्रमांक 05 के संयुक्त तत्वावधान में धोबी तालाब परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में करीब 40 पौधे लगाए गए। इस दौरान मोहल्ला विकास समिति के सदस्यों, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने पौधरोपण में सहभागिता की।
हरेली के अवसर पर तालाब परिसर में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संकल्प भी लिया। धोबी तालाब परिसर करीब 13 एकड़ क्षेत्र में फैला है और इसकी परिधि लगभग 800 मीटर है। यहां वर्ष 2019 से मानसून के दौरान लगातार पौधरोपण किया जा रहा है। अब तक लगाए गए पौधों में से 150 से अधिक पौधे पेड़ का रूप ले चुके हैं। वहीं पिछले मानसून में रोपे गए करीब 50 पौधे भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। वार्ड पार्षद रोहित साहू ने बताया कि मोहल्लावासियों द्वारा पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी की जा रही है। उद्देश्य है कि आने वाले समय में धोबी तालाब परिसर को हरे-भरे के रूप में विकसित किया जाए।
कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष जितेंद्र महले, पार्षद रोहित साहू, शशि शुक्ला, दिगेश्वरी रविन्द्र नामदेव, श्रद्धा मनीष वर्मा, रेखा पोषण पटेल, सुरेश घृतलहरे, राजू सलूजा, सुभाष राव, सीएमओ आशीष तिवारी सहित नपा अधिकारी-कर्मचारी और मोहल्ला विकास समिति के सदस्य मौजूद रहे।














