मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला मेन रोड पर एक अगस्त की देर रात हुए सड़क हादसे में मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह वही मामला है, जिसमें ‘CMO (UAD) CG Government’ लिखी स्कोडा कार की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, सीएमओ कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जन्मदिन पार्टी से मुंगेली से तखतपुर लौट रहे थे, इस दौरान यह हादसा हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जरहागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सीएमओ अमरेश सिंह (58 वर्ष), पिता परमानंद सिंह निवासी वार्ड क्रमांक-04 महेश्वर कॉलोनी गोधनपुर, जिला अंबिकापुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत धारा 281, 125(ए) एवं 105 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर 3 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दो लोगों की मौत, एक युवक की हालत गंभीर
हादसा इतना भीषण था कि किरण बसोर (39 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अंजली बसोर (35 वर्ष) को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तीसरे घायल विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे।






