बलौदाबाजार| जिले की उन छात्राओं के लिए अच्छी खबर है, जो 12वीं के बाद कॉलेज में पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से स्नातक डिग्री या डिप्लोमा के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह राशि छात्रा के प्रथम स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम की पूरी अवधि, अधिकतम पांच साल तक दी जा सकती है।
छात्रवृत्ति के लिए 2026 बैच के प्रथम चरण के आवेदन 10 अगस्त से शुरू हो चुके हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त है। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन और नि:शुल्क है। छात्रवृत्ति के लिए छात्रा ने 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाएं नियमित छात्रा के रूप में किसी पात्र राज्य के सरकारी स्कूल या कॉलेज से पास की हों।
इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या विश्वसनीय निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में स्नातक डिग्री या 2 से 5 वर्ष अवधि वाले डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया होना जरूरी है। यह छात्रा की पहली स्नातक डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पढ़ाई करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं। छात्रवृत्ति का चयन मेरिट, जाति, आय या धर्म के आधार पर नहीं किया जाता।














