नाला के पास मिली लाश, सुबह खेत गए ग्रामीणों ने देखा शव, गांव में फैली सनसनी
संदीप यादव मुंगेली/लोरमी। ग्राम कोसाबाड़ी के कन्हैया नाला के नजदीक ग्रामीण युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोरमी थाना के अंतर्गत ग्राम कोसाबाड़ी निवासी जाशुम पोर्ते (19 वर्ष), पिता ईश्वर पोर्ते का शव शुक्रवार सुबह 7 बजे ग्रामीणों ने कन्हैया नाला के पास देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल लोरमी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंचकर युवक के शव का पंचनामा कार्रवाई कर शव पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, ये जांच का विषय है। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर मामले की विवेचना में जुटी है।












