भाटापारा। भाटापारा शहर में चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी ने पहले पड़ोसी के सूने मकान का ताला पत्थर से तोड़ा और फिर दीवार पार कर दूसरे घर में घुसकर अलमारी का लॉक तोड़ दिया। वहां से सोने-चांदी के जेवर और 1.50 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बजरंग वार्ड निवासी मोनिका बतरा ने 25 नवंबर को थाना भाटापारा शहर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे घर में ताला लगाकर अपनी मां शांति बतरा को इलाज के लिए रायपुर ले गई थीं। रात करीब 9:30 बजे वापस लौटीं तो घर का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर कमरे में रखी अलमारी का लॉक टूटा मिला। अलमारी में रखे भूरे रंग के हैंडबैग से सोने-चांदी के जेवर और 1.50 लाख रुपए नकद गायब थे।
पड़ोसी के मकान से दीवार पार कर घुसा
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले प्रार्थिया के पड़ोसी के सूने मकान का ताला तोड़ा। इसके बाद वहां से दीवार पार कर मोनिका बतरा के घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर जेवर व नकदी चोरी कर ली।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेही बालक के घर जाकर तस्दीक की गई। पुलिस को जानकारी मिली कि वह प्लास्टिक की पन्नी में बंधी नकदी और जेवर घर के गेट के अंदर फेंककर भाग गया था।
77 हजार नकद सहित 2.77 लाख का माल जब्त
27 नवंबर को बालक को पूछताछ के लिए बुलाया गया। मेमोरेंडम कथन में उसने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि कुछ जेवर और नकदी रेलवे कॉलोनी क्वार्टर के पीछे खाली प्लॉट में छिपाकर रखे थे, जबकि कुछ सामान अपने घर के कमरे में छिपाया था।
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर 77 हजार रुपए नकद सहित कुल 2 लाख 77 हजार रुपए कीमत का चोरी का सामान जब्त किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












