बलौदाबाजार। जिले के लोगों को अब आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए रायपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बलौदाबाजार में जिले का पहला UIDAI अधिकृत आधार सेवा केंद्र 28 नवंबर से शुरू हो रहा है। यहां नया आधार बनवाने से लेकर नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। केंद्र में प्रतिदिन 200 से 300 आधार पंजीयन और संशोधन का लक्ष्य रखा गया है।
अब तक आधार कार्ड में मोबाइल नंबर, फोटो, फिंगरप्रिंट और अन्य जानकारियों में सुधार कराने के लिए लोगों को रायपुर जाना पड़ता था। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ते थे। जिले में अधिकृत केंद्र शुरू होने से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही ये सुविधाएं मिल सकेंगी। केंद्र UIDAI से अधिकृत है और Protean से जुड़ी व्यवस्था के तहत संचालित होगा। इसे सेंट्रल बैंक से जुड़ी इकाई के रूप में भी शुरू किया जा रहा है।
नया आधार बनवाना नि:शुल्क, बच्चों का भी होगा पंजीयन
केंद्र में नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा नि:शुल्क रहेगी। बच्चों के नए आधार पंजीयन के साथ आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग में संशोधन कराया जा सकेगा। इसके अलावा मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपडेट, फोटो, फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतली का बायोमेट्रिक अपडेट भी होगा। पांच और 15 वर्ष की आयु पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा दस्तावेज अपडेट, आधार कार्ड डाउनलोड, आधार नंबर खोजने और ई-आधार प्रिंट कराने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
रविवार को भी खुला रहेगा केंद्र
आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। रविवार को भी लोग यहां आधार संबंधी कार्य करा सकेंगे। केंद्र का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यहां वातानुकूलित हॉल, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से सेवाएं देने की व्यवस्था की गई है।
शुक्ला बिल्डिंग में होगा शुभारंभ
केंद्र का उद्घाटन 28 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे किया जाएगा। आमंत्रण पत्र के अनुसार UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद के उप निदेशक एनजे कृपानंदम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्र का शुभारंभ शुक्ला बिल्डिंग, भाटापारा रोड स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के पास होगा। इसका पूरा पता 21 शुक्ला बिल्डिंग, भाटापारा रोड, बलौदाबाजार है।












