बलौदा बाजार ,शहर में लगातार दुकानों के शटर और ताले टूटने की घटनाओं के पीछे आखिरकार जिस आरोपी की भूमिका की आशंका जताई जा रही थी, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर की तीन अलग-अलग दुकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दुर्गेश मानिकपुरी उर्फ बरहा (22) को गिरफ्तार किया है।
उसके साथ चोरी की घटनाओं में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। खास बात यह है कि चोरी की घटनाओं के अगले ही दिन दैनिक भास्कर ने अपनी खबर में इन वारदातों के पीछे दुर्गेश मानिकपुरी का हाथ होने की आशंका प्रमुखता से उठाई थी। पुलिस की जांच में भी उसी की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शहर में अलग-अलग तारीखों पर तीन दुकानों को निशाना बनाया था। पहली घटना 6 नवंबर की रात मंडी रोड स्थित लक्की सेल कपड़ा बाजार में हुई, जहां शटर मोड़कर चोर अंदर घुसे और गल्ले से नगदी व कपड़े चोरी कर ले गए। दूसरी वारदात 21 नवंबर की रात पुराना बस स्टैंड स्थित माईजी किराना दुकान में हुई, जहां ताला तोड़कर गल्ले में रखी रकम पार कर दी गई। वहीं 23 नवंबर की रात सदर बाजार रोड स्थित राजा कपड़ा बाजार का ताला तोड़कर नगदी चोरी की गई।
तीनों मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 959/2026, 971/2026 और 972/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने घटनास्थलों के निरीक्षण के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की। संदेही दुर्गेश मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों से चोरी की रकम में से 2 हजार रुपए नगद बरामद कर जब्त किए गए हैं। दुर्गेश की हरकतें पहले भी पुलिस के लिए परेशानी का कारण बन चुकी हैं।
पुलिस विभाग के एक कर्मचारी से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व में पूछताछ के दौरान सख्ती किए जाने पर उसने थाने में टेबल पर रखे आलपिन के डिब्बे से पिन निकालकर निगलने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों को उसके मुंह से पिन निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। वहीं मोहल्ले में रहने वाले लोगों के बीच भी उसकी नशे की आदत को लेकर चर्चा रही है। कम उम्र से ही नशे की गिरफ्त में रहने और बार-बार आपराधिक गतिविधियों में नाम आने के कारण उसकी गतिविधियां स्थानीय लोगों के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई हैं।












