बिलासपुर/सीपत:- गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना सीपत में गणेश उत्सव समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के सदस्य, सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं प्रेस मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सीपत नायब तहसीलदार पूनम कन्नौजे, सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव एवं थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने उपस्थित समिति सदस्यों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। संचालन रियाज अशरफी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार पूनम कन्नौजे ने गणेश उत्सव को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गणेश पंडाल सड़क पर इस तरह न लगाए जाएं, जिससे यातायात बाधित हो अथवा आम लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने विद्युत कनेक्शन वैध तरीके से लेने और विद्युत व्यवस्था की अच्छी तरह जांच कराने पर भी जोर दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति न बने। इसके बाद सरकंडा सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव ने कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समितियों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों में आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा ज्वलनशील सामग्री रखने से बचें। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए साफ-सुथरी छवि वाले वालंटियर नियुक्त किए जाएं। नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों को समिति अथवा वालंटियर के रूप में शामिल नहीं किया जाए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर शासन एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का पालन करने की बात कही। उन्होंने निर्धारित डेसिबल एवं समय-सीमा में ही साउंड सिस्टम का उपयोग करने तथा डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित होने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक संदेश एवं पोस्ट साझा नहीं करने और अफवाहों को फैलाने से बचने की अपील की।
शोभायात्रा में नशा और हथियार पर रोक :
अधिकारियों ने गणेश विसर्जन एवं शोभायात्रा को लेकर भी समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए। नशे की हालत में किसी व्यक्ति को शोभायात्रा में शामिल नहीं करने तथा जुलूस के दौरान हथियार या प्रतिबंधित वस्तु लेकर नहीं चलने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने सभी गणेश उत्सव समितियों से पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए उत्सव को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने भी आवश्यक व्यवस्थाओं में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की बात कही। बैठक में क्षेत्र के सरपंच पंच व समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।








