चक्रवाती तूफान ‘अनब’ का असर: बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय

बिलासपुर, कमलकांत पाटनवार।

चक्रवाती तूफान ‘अनब’ के प्रभाव एवं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए बिलासपुर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जिले में खराब मौसम की आशंका जताई गई है।

आदेश में बताया गया है कि विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में होने वाली संभावित कठिनाइयों तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय कलेक्टर की अनुमति से लिया गया है तथा आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि

संभावित खराब मौसम को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

Hot Topics

Related Articles