मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना कांग्रेस का उद्देश्य: मोहम्मद अकबर
विधायक इंद्र साव ने किया 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने का आह्वान
भाटापारा। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जाने और निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर केंद्र सरकार एवं भाजपा पर निशाना साधा। इसी क्रम में कांग्रेस ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
नगर के पदमा रिसॉर्ट में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक शरद अहेर और जिले के प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने संबोधित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक इंद्र साव, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी: शरद अहेर
कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक शरद अहेर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतों की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं और सबूत भी प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। वर्तमान में जिला स्तर पर अभियान की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके बाद इसे ब्लॉक स्तर और फिर गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी।
अहेर ने एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल मताधिकार को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे पर आम लोगों को जागरूक करने और अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की अपील की।
निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता पर उठाए सवाल: मोहम्मद अकबर
कार्यक्रम के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से सवाल पूछे जाने पर जवाब भाजपा के नेताओं और प्रवक्ताओं की ओर से दिया जाता है, जबकि एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था होने के नाते आयोग को स्वयं अपना पक्ष रखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। अकबर ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने की प्रक्रिया की निष्पक्ष और बारीकी से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना कांग्रेस के अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
भाजपा पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप: विधायक इंद्र साव
क्षेत्रीय विधायक इंद्र साव ने अपने संबोधन में भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए निर्वाचन आयोग का कथित तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
विधायक साव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा अभियान: सुमित्रा घृतलहरे
जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसकी शुरुआत जिला स्तर पर हो चुकी है और आने वाले समय में इसे ब्लॉक स्तर से लेकर गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भाजपा नेताओं के इशारे पर निर्णय ले रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना कांग्रेस के इस महाअभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कांग्रेस के अनेक नेता और कार्यकर्ता रहे उपस्थित

कार्यक्रम को प्रदेश प्रतिनिधि सतीश अग्रवाल, सुनील माहेश्वरी, पूर्व जनपद अध्यक्ष अमित शर्मा और पूर्व निगम सदस्य रोशन हबलानी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा शहर के अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर अमर मंडावी, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष रिंकू भाटिया, सिमगा ब्लॉक अध्यक्ष आलोक मिश्रा, राजकुमार शर्मा, डॉ. बसंत भृगु, जितेंद्र नवरत्न, सुनील साहू, गौरी भृगु, विमलेश्वरी ध्रुव, अजीत बाजपेयी, कुबेर यदु, अजय ठाकुर, चंद्रशेखर चक्रधारी, नरेंद्र यदु, वैभव केशरवानी, नितिन शुक्ला, गैंदराम साहू, चंद्रकांत खूंटे, ठाकुरराम साहू, आबिद खान, नरेंद्र यादव, सुंदर साहू, मनहरण वर्मा, भुवनेश्वर शर्मा, पुनीत मानिकपुरी, ओमप्रकाश यदु, कोमल साहू, शेषनारायण यदु, जीत्तू ठाकुर, टेकसिंह ध्रुव, दिनेश तिवारी, अशोक तिवारी, संतोष अग्रवाल, नवीन बक्स, मनमोहन कुर्रे, राजा तिवारी, विवेक यदु, मोहन निषाद, चंद्रकांत साहू, कृष्णा टंडन, प्रमिला साहू, हिरमत साहू, दानी भाट, पूर्णिमा श्रीवास, संजय मानिकपुरी और कीरत वर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







