चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई विकसित भारत-छत्तीसगढ़ की कल्पना

भाटापारा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विकासखंड स्तरीय सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और विचारों के माध्यम से विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘मेरा सपना- विकसित छत्तीसगढ़’, ‘स्वच्छ भारत- स्वस्थ भारत’ और ‘सेवा संकल्प अभियान- जन-जन का अभियान’ जैसे विषय दिए गए। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में ‘स्वस्थ समाज, समृद्ध छत्तीसगढ़’, ‘शिक्षा से बदलती दुनिया’ और ‘मेरा कर्तव्य- विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़’ विषयों पर विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में अपने विचार व्यक्त किए।

चित्रकला के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और विकसित छत्तीसगढ़ की कल्पना को रंगों में उकेरा। वहीं, भाषण के जरिए शिक्षा के महत्व, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और विद्यार्थियों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता की उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।

सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना जरूरी : शिवरतन शर्मा

मुख्य अतिथि शिवरतन शर्मा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ उनकी जनसेवा की यात्रा शुरू हुई थी। इस यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान है। बच्चों में सेवा भावना और राष्ट्र प्रथम का विचार विकसित करना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में राकेश तिवारी, सुनील यदु, सविता अनंत, भोला वर्मा, महाबल बघेल, पवन वर्मा, मनिंदर गुम्बर, डब्लू ठाकुर, रोहित साहू, द्वारका वर्मा, हारून खान और नितिन भोजवानी सहित विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, विद्यालय संचालक, प्राचार्य, शिक्षक, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, अभिभावक तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियोंने भाग लिया।

Hot Topics

Related Articles