ई-रिक्शा में सवारी बैठाने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा; हमले में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त
बलौदाबाजार। बस स्टैंड में ई-रिक्शा में सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद में बस ड्राइवर पर डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड बलौदाबाजार में सवारी बैठाने को लेकर बस ड्राइवर और ई-रिक्शा चालक के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बस ड्राइवर के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। हमले में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया था। घटना के बाद बस चालक-संचालकों में आक्रोश फैल गया था।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी सूझबूझ और सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी घेराबंदी की। भागने की फिराक में लगे आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप मिरी, पिता हीरासिंग मिरी, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम मिशन परसाभदेर, थाना सिटी कोतवाली, बलौदाबाजार के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। घटना के बाद बस स्टैंड में बसों और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित करने की मांग भी उठी थी, ताकि सवारी बैठाने को लेकर भविष्य में इस तरह के विवादों से बचा जा सके।








