रेलवे प्रशासन ने ज्ञापन पर लिया त्वरित संज्ञान, 14 सितंबर से ट्रेन संख्या 58204 का पुनः परिचालन
भाटापारा। तीजा तिहार के अवसर पर यात्रियों और माता-बहनों की सुविधा को लेकर किए गए जनसंघर्ष का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 58204 (रायपुर से कोरबा) का परिचालन 14 सितंबर 2026 से पुनः शुरू कर दिया है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के पदाधिकारियों ने बिलासपुर, रायपुर, कोरबा, बलौदा बाजार, भाटापारा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में स्टेशन प्रबंधकों को ज्ञापन सौंपा था। इसके साथ ही बिलासपुर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (GM) को भी यात्रियों की समस्याओं और ट्रेन सेवा बहाली की मांग से अवगत कराया गया था।
ज्ञापन पर रेलवे प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए रायपुर-कोरबा ट्रेन सेवा को पुनः बहाल किए जाने से यात्रियों में राहत की उम्मीद जगी है। तीजा तिहार के दौरान इस ट्रेन सेवा की बहाली से आवागमन करने वाले यात्रियों, विशेषकर माता-बहनों को सुविधा मिलने की बात कही गई है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने इस जनहित की लड़ाई में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और साथियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
संगठनों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के अधिकारों की यह लड़ाई अभी अधूरी है। उन्होंने आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।








