भाटापारा। आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर में पटाखा दुकानों के संचालन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर पालिका परिषद भाटापारा द्वारा लोकोत्सव मैदान में अस्थाई पटाखा दुकानों के आवंटन के लिए खुली नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसमें कुल 35 अस्थाई पटाखा दुकानों का आवंटन किया गया। नीलामी से नगर पालिका को 4.21 लाख रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त होगा।
नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। इसमें शहर के बड़ी संख्या में पटाखा व्यापारियों ने हिस्सा लिया और उत्साहपूर्वक बोली लगाई। प्रक्रिया के दौरान नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
त्योहारी सीजन में आम नागरिकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन द्वारा लोकोत्सव मैदान में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मैदान के चारों ओर अस्थाई बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं पूरे परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर दमकल वाहन और पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
इसके अलावा पटाखा खरीदने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए मैदान परिसर में पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। नगर पालिका का उद्देश्य सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में पटाखों की बिक्री एवं खरीदारी कराना है।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
नीलामी प्रक्रिया के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव, उप अभियंता विनोद यादव, राजस्व प्रभारी देवकुमार बंजारे, कॉम्प्लेक्स प्रभारी गंजहंस ठाकुर एवं प्रभारी सहायक राजस्व निरीक्षक विकास वैष्णव सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







