बिलासपुर/तखतपुर (कमलकांत पाटनवार):- तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पर बने एनीकट को पार करते समय अचानक बढ़े तेज बहाव में फंसकर बह गए। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। गांव के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। नदी किनारे के गांव में भी बच्चों की तलाश की जा रही है। करीब पांच घंटे तक चले सर्च आपरेशन के बाद तीनों का शव नदी से निकाल लिया गया। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंपा गया है। डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि ग्राम समडील निवासी अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, सिद्धी जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और रिद्धी जायसवाल पिता विजय जायसवाल तीनों आपस में चचेरे भाई बहन हैं। तीनों पास के गांव नवापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में पढ़ाई करते थे। तीनों भाई बहन गांव के अन्य बच्चों के साथ शनिवार को स्कूल गए थे। स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे। तीनों चचेरे भाई-बहन हैं। घर जाने के लिए उन्हें घोंघा नदी पर बने एनीकट को पार करनी पड़ती थी। आसपास के लोगों ने बताया कि नदी पर बने एनीकट के उपर से पानी का बहाव कम दिखाई दे रहा था, लेकिन अचानक जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव आ गया। बच्चे संभल नहीं पाए और पानी के तेज बहाव में बह गए। बच्चों के नदी में बहने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी के आसपास काफी दूर तक तलाश की। घंटों की मशक्कत के बाद रिद्धी जायसवाल का शव पानी से बरामद कर लिया गया। रविवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोनों भाई बहन के शव को भी निकाल लिया है। पीएम के बाद तीनों के शव को स्वजन को सौंप दिया गया है।
एक ही घर से उठी तीन अर्थी, हर आंख हुई नम
हादसे की गंभीरता को देखते हुए लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में व्यापक स्तर पर सर्च आपरेशन शुरू किया। देर रात तक अनमोल और सिद्धी का पता नहीं चल सका था। रविवार की सुबह तीनों के शव को स्वजन को सौंप दिया गया है। रविवार को एक ही घर से तीन बच्चों की अर्थी निकली। इसे देख गांव के हर व्यक्ति की आंख नम हो गई।














