धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, शान से लहराया तिरंगा

जियाउल खान ,लखनपुर/सरगुजा। देशभर के साथ सरगुजा जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद श्वेत कपोत उड़ाकर शांति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। राष्ट्रगान के बाद देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की आकर्षक झांकियां भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों से राष्ट्रहित में कार्य करने और देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरा परिसर भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।

वहीं लखनपुर में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों के हाथों में तिरंगा नजर आया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों से नगर गूंज उठा।

लखनपुर के आत्मानंद विद्यालय, हाईस्कूल, नेहरू बाल मंदिर, गुरुकुल और अचीवर पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यालय प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यालय, भाजपा कार्यालय सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी कार्यालयों में भी सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराया गया।

ध्वजारोहण के बाद विद्यालयों में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे लखनपुर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और नगर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

Hot Topics

Related Articles