रमेश कुमार सलाम,कोण्डागांव। नक्सलमुक्त बस्तर की ओर बढ़ते कदमों के बीच अब अंदरूनी और संवेदनशील क्षेत्रों में भी खुशियों के त्योहार दीपावली की रौनक देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में जिला कोण्डागांव के अंतिम छोर पर स्थित थाना बयानार क्षेत्र के ग्राम पेरमापाल में पुलिस जवानों ने ग्रामीणों और बच्चों के साथ मिलकर दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया।
दिनांक 8 नवंबर 2026 को शाम लगभग 5 बजे पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव के मार्गदर्शन में मर्दापाल क्षेत्र के SDOP श्री नरेंद्र पुजारी एवं थाना बयानार के थाना प्रभारी श्री प्रेमनाथ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम पेरमापाल पहुंची।
इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच श्री फूलसिंह कोर्राम, ग्राम गायता, पटेल, पुजारी एवं अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में गांव की माता गुड़ी में दीपावली का उत्सव मनाया गया। पुलिस जवानों ने ग्रामीणों और बच्चों के साथ खुशियां बांटीं तथा आतिशबाजी कर त्योहार को यादगार बनाया।
खास बात यह रही कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलवाद का भय और चुनौतियां देखने को मिलती थीं, वहां आज पुलिस और ग्रामीण एक साथ मिलकर दीपावली की खुशियां मना रहे हैं। यह आपसी विश्वास, भाईचारे और शांति की दिशा में एक सकारात्मक संदेश है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी बस्तर प्रवास के दौरान जवानों के बीच दीपावली का पर्व मना रहे हैं। ऐसे समय में कोण्डागांव जिले के संवेदनशील क्षेत्र ग्राम पेरमापाल में पुलिस जवानों का ग्रामीणों और बच्चों के साथ दीपावली मनाना नक्सलमुक्त बस्तर की बदलती तस्वीर को दर्शाता है।












