रायपुर। दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे, जहां उन्होंने करनपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कैंप में जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। प्रधानमंत्री के बस्तर आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की इस यात्रा को बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए विशेष अवसर बताते हुए कहा कि वीर जवानों के बीच प्रधानमंत्री की उपस्थिति उनके साहस, त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर की पावन धरती पर उनका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव रहा है। उनका यह लगाव प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर अब भय और हिंसा के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए उजाले की ओर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में हो रहे बदलावों का श्रेय प्रधानमंत्री के नेतृत्व को दिया।












