बलौदाबाजार। जिले के ग्राम जूनवानी में रविवार सुबह एक महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना में 28 वर्षीय दामनी आडिल घायल हो गईं। उन्हें गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए बलौदाबाजार रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दामनी रविवार सुबह अपने घर की बाड़ी में पानी भरने गई थीं। इस दौरान वह मोबाइल पर बात करते हुए पानी की मशीन चालू कर रही थीं। तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उनके पैर में काट लिया।
सांप के काटने के बाद परिजन उन्हें तत्काल पलारी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन दिनभर उपचार के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बलौदाबाजार रेफर कर दिया।
फिलहाल महिला का बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घटना गिधपुरी थाना क्षेत्र की है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव की बाड़ियों में अक्सर सांप निकलते रहते हैं।












