रायपुर : अभनपुर में नाबालिग बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब पुलिस की कार्रवाई के आरोपों तक पहुंच गया है। सोनी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर प्रज्ज्वल सोनी ने अभनपुर पुलिस पर उनके घर और अस्पताल पहुंचकर परेशान करने, निजता भंग करने और बिना सर्च वारंट घर की तलाशी लेने का आरोप लगाया है।
डॉक्टर प्रज्ज्वल सोनी के मुताबिक, उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। मामला नाबालिग बच्चे की कस्टडी से जुड़ा है। डॉक्टर का कहना है कि न्यायालय ने बच्चे की कस्टडी उसकी मां को सौंपने का आदेश दिया है और वे कई बार न्यायालय में उपस्थित होकर आदेश का पालन भी कर चुके हैं। हालांकि, उनका दावा है कि बच्चा अपने पिता से अलग नहीं रहना चाहता।
डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पुलिस को लेकर उनके घर और अस्पताल पहुंचती हैं। उनका दावा है कि पुलिसकर्मी बिना सर्च वारंट घर में दाखिल होकर तलाशी लेते हैं और वीडियो फुटेज भी बनाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके नाबालिग बच्चे का नाम अस्पताल में लगाए गए एक नोटिस में सार्वजनिक किया गया, जिससे उनकी निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
डॉक्टर के मुताबिक, हाल ही में जब वे और उनके पिता न्यायालय में पेश होने गए थे, उसी दौरान अभनपुर पुलिस की एक टीम उनके घर पहुंची। डॉक्टर का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पेचकस की मदद से दरवाजा खोला और घर के अंदर प्रवेश कर तलाशी ली। इस कार्रवाई का वीडियो अस्पताल स्टाफ द्वारा बनाए जाने की बात भी डॉक्टर की ओर से कही गई है।
पुलिस ने कहा- न्यायालय के आदेश का हो रहा पालन
पूरे मामले में रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने डॉक्टर के आरोपों पर पुलिस का पक्ष रखा। उनके मुताबिक, न्यायालय ने बच्चे की कस्टडी उसकी मां को दिलाने के संबंध में पुलिस को आदेश दिया है। पुलिस इसी न्यायालयीन आदेश के पालन में कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल, बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद डॉक्टर के आरोपों और पुलिस के पक्ष के बाद और चर्चा में आ गया है। एक तरफ डॉक्टर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस न्यायालय के आदेश के पालन की बात कह रही है। अब पूरे मामले में न्यायालयीन आदेश और उसके पालन की प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।








