12 अक्टूबर से चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन जारी, मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बलौदाबाजार। अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे राजस्व पटवारियों ने बुधवार को बारिश के बीच छतरी लेकर आक्रोश रैली निकाली। काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन कर रहे पटवारियों ने शासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। रैली दशहरा मैदान से शुरू होकर तहसील कार्यालय पहुंची, जहां पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम पीसी कोरी को ज्ञापन सौंपा।
पीवी एप की खामियों सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन
राजस्व पटवारी 12 अक्टूबर से पीवी एप की खामियों, वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को बारिश के बावजूद पटवारियों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। हाथों में छतरी और शरीर पर काले कपड़े पहनकर रैली में शामिल पटवारियों ने अपनी मांगों के प्रति शासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
मांगों का निराकरण नहीं होने से नाराजगी
प्रदर्शनकारी पटवारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं और मांगों को शासन के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उनका संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने बारिश के बीच रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया। पटवारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से अपनी चार सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की मांग की।







