बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बालसमुंद में आयोजित पारंपरिक कार्तिक पुन्नी मेले के दौरान मंगलवार देर शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मेले की रौनक देखने और घूमने पहुंचा एक 44 वर्षीय युवक अचानक अपना संतुलन खो बैठा और पास ही नाश्ता बना रहे एक अस्थायी होटल की खौलते तेल से भरी बड़ी कड़ाही में जा गिरा। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त युवक शराब के नशे में था।
गर्म और खौलते तेल की चपेट में आने से युवक चीखने-चिल्लाने लगा, जिससे पूरे मेला परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और मेले में आए लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। खौलते तेल में गिरने की वजह से युवक का शरीर करीब 60 प्रतिशत तक बुरी तरह झुलस गया है, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
मेला ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और काफी मशक्कत के बाद झुलसे हुए युवक को कड़ाही से सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल युवक को उपचार के लिए पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया।
पलारी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन शरीर का 60 प्रतिशत हिस्सा झुलस जाने और हालत अत्यधिक गंभीर होने के कारण उसे बेहतर और उन्नत इलाज के लिए तत्काल रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।












