ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की जन्म जयंती
स्मार्ट मीटर के विरोध में आवाज़ तेज़ करने पर हुई चर्चा
एक तरफ़ जहाँ आज लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें याद किया गया तो वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार द्वारा लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल के विरोध में बड़े विरोध प्रदर्शन की बात निकलकर सामने आई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंहदेव के नेतृत्व में आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर सभी कांग्रेसी जन और पदाधिकारी लखनपुर के कांग्रेस कार्यालय में विधिवत तौर पर जमा हुए तथा उसके बाद राजीव गांधी के छायाचित्र के समक्ष श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने की शपथ ली गई। इस अवसर पर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में मरीजों को फल वितरण किया गया तो वही स्थानीय प्राथमिक स्कूल वार्ड क्रमांक 06में पौधा रोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जहाँ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पौधा रोपण किया। 
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित की गई जिसमे आने वाले समय में लगातार स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर सरकार के दबाव को लेकर तथा बढ़ते बिजली बिल को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। 
इस चर्चा के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंहदेव ने कहा की आने वाले दिनो में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रहे लोगो के साथ अन्याय के विरोध में मैदान में उतरकर चरण बद्ध तरीके से प्रदर्शन करेगी तथा लोगो को इस समस्या से निजात दिलाने हर संभव प्रयास करेगी 
इसके साथ ही बिजली बिल हाफ योजना को दुबारा प्रारंभ करने अपने प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से मांग भी करेगी जिसके लिए मंडल स्तर पर कांग्रेस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






