भाटापारा/ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत डायल 112 की टीम ने मुस्तैदी और इंसानियत का परिचय देते हुए नाले में गिरे एक अज्ञात बेहोश व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 21 सितंबर 2026 की रात्रि डायल 112 को एक सड़क दुर्घटना का इवेंट प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही तत्काल घटना स्थल ग्राम टोनाटर (थाना भाटापारा ग्रामीण) के पास नाले के पास टीम रवाना हुई। मौके पर पहुँचने पर एक अज्ञात व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल सहित नाले में गिरा हुआ और बेहोशी की हालत में तड़पता हुआ मिला।
बिना वक्त गंवाए पहुंचाया अस्पताल
घायल की गंभीर स्थिति और संवेदनशीलता को देखते हुए, डायल 112 के आरक्षक रंजीत कुर्रे एवं चालक रवि जांगड़े ने बिना एक पल की देरी किए पीड़ित को सरकारी वाहन में लेटाया और सीधे जिला अस्पताल बलौदाबाजार लेकर पहुंचे। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण डॉक्टरों ने तत्काल पीड़ित का इलाज शुरू कर दिया।
परिजनों को दी गई सूचना
शुरुआत में घायल व्यक्ति बेहोश होने के कारण अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्रों में घायल के हुलिए और मोटरसाइकिल के आधार पर परिजनों की तलाश की गई। पुलिस के प्रयासों से परिजनों का पता लगा और उन्हें घटना की सूचना दी गई।
पीड़ित की हुई पहचान
परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर घायल व्यक्ति की पहचान रामदुलार वर्मा (उम्र 55 वर्ष), पिता झाड़ू राम वर्मा, निवासी साकिन खैरी (बोरसी), थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में पीड़ित का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
परिजनों ने संकट की इस घड़ी में देवदूत बनकर आए डायल 112 के स्टाफ और भाटापारा ग्रामीण पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया है।








