राजकुमार अग्रवाल,महासमुंद। निःस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ दो साल पहले शुरू हुई स्वयंसेवी संस्था माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन ने सेवा की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए सावन मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर प्रसादी सेवा का आयोजन किया।
यह आयोजन तुमगांव रोड स्थित शारदा मंदिर परिसर में किया गया, जहां मंदिर आए श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के लोगों और राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि संस्था द्वारा पिछले दो वर्षों से शहर के इमलीभाठा क्षेत्र में वृद्धजन सेवा सदन का संचालन किया जा रहा है। यहां कई ऐसे वयोवृद्धों को आश्रय दिया गया है, और कई बुजुर्गों को उनके परिजनों से बातचीत कर समझाइश देकर सम्मानपूर्वक घर भी भेजा गया है।

इसी सेवा भावना को विस्तार देते हुए संस्था ने अब प्रसादी सेवा की शुरुआत की है। संस्था की योजना है कि गरीब और असहाय लोगों के लिए आगे प्रत्येक सप्ताह भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती उषा साहू सहित वरिष्ठजन, संस्था के सदस्यगण एवं सहयोगी उपस्थित रहे।






