मुंगेली कोर्ट में पेशी के दौरान चोर का तांडव: कटघरे से कूदकर डायस पर चढ़ा आरोपी, जज को दी जान से मारने की धमकी; CJM ने खुद थाने जाकर दर्ज कराई FIR

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चोरी के एक आरोपी ने भरी अदालत में जमकर बवाल काटा। सरगांव पुलिस द्वारा ट्रक चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी ने न केवल कोर्ट की मर्यादा तोड़ी, बल्कि कटघरे से कूदकर सीधे न्यायाधीश के डायस तक पहुंच गया और पीठासीन अधिकारी को जान से मारने की धमकी दे डाली। इस सनसनीखेज घटना के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे से कोयले से भरा एक 18 पहिया ट्रेलर चोरी हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और ग्राम लमती निवासी 25 वर्षीय आरोपी भगतराम राजपूत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया ट्रेलर और 38.650 टन कोयला समेत कुल 42.43 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की थी। सरगांव थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) का मामला दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी के बाद 16 नवंबर को पुलिस आरोपी भगतराम राजपूत को न्यायिक रिमांड पर लेने के लिए मुंगेली जिला न्यायालय लेकर पहुंची। पेशी के दौरान जब कोर्ट में आरोपी का नाम पूछा गया, तो वह अचानक भड़क गया और अभद्रता करने लगा। देखते ही देखते आरोपी कटघरे से छलांग लगाकर पीठासीन अधिकारी के डायस पर चढ़ गया। उसने वहां लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया और न्यायाधीश तथा कोर्ट के कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया।

न्यायालय परिसर के भीतर हुई इस अभद्रता और सुरक्षा में सेंध को गंभीरता से लेते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं मुंगेली सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। CJM की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351 के तहत एक और नई FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Hot Topics

Related Articles