एक हजार से अधिक किसान प्रभावित, 11 गांव के हजारों किसानों को होगा फायदा, कलेक्टर को लिखा गया पत्र
संदीप यादव लोरमी मुंगेली । शासन धान खरीदी को लेकर किसानों को हर संभव सुविधा प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है, लेकिन वन विभाग नियम कानून का हवाला देकर किसानों की इस सुविधा में रोड़ा बन रहा है। मामला सेवा सहकारी समिति खुड़िया से जुड़ा हुआ है। शासन ने इसी सत्र से खुड़िया समिति के अंतर्गत ग्राम जाकड़बांधा में एक अतिरिक्त नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की स्वीकृति दी है। यह धान खरीदी केंद्र खोलने से वनांचल के 1000 से अधिक किसानों को सीधा लाभ होगा, लेकिन अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन किसानों के इस सुविधा की दिशा में रोड़ा बनकर आपत्ति लगा दिया है।
शासन से नवीन केंद्र खोलने के आदेश मिलने के बाद ग्राम जाकड़बांधा में स्थल चयन के लिए खुड़िया समिति के प्रबंधक की ओर से एटीआर प्रबंधन को पत्र लिखा गया तो एटीआर के सहायक संचालक की ओर से समिति को पत्र लिखकर बताया गया कि वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधान एवं राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड तथा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण एनटीसीए की स्वीकृति के बगैर धान खरीदी केंद्र हेतु अनुमति प्रदान नहीं करने की जानकारी दी गई। यहां पर सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि 4 साल पहले ही खुड़िया समिति के अंतर्गत एटीआर के कोर जोन के ग्राम छपरवा में धान खरीदी केंद्र खुला गया है, तो फिर जाकड़बांधा में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का हवाला देकर धान खरीदी केंद्र खोलने के लिए अनुमति क्यों प्रदान नहीं किया जा रहा है।
11 गांव के हजारों किसानों को होगा फायदा
ग्राम जाकड़बांधा में नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने से वनांचल के 11 गांव के हजारों किसानों को सीधा लाभ होगा। इन सभी गांव के किसान अभी खुड़िया में धान बेचने लंबी दूरी तय करते हैं। शासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन केंद्र की स्वीकृति प्रदान की है, लेकिन अब केंद्र खोलने में अड़चनें आ रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुड़िया धान खरीदी केंद्र में वर्तमान में 2300 किसान पंजीकृत हैं। इन किसानों के द्वारा पिछले साल 84 हजार क्विंटल धान की बिक्री की गई थी, इनमें से आधा दर्जन गांव ऐसे हैं जिन्हें लंबी दूरी तय करना पड़ता है। उनके लिए जाकड़बांधा उपयुक्त जगह तय कर केंद्र की स्वीकृति दी गई है। यहां ग्राम सुरही, अतरिया, जमुनाही, निवासखार, डेंगनिया, बिसौनी, सरसोहा, बोड़हरा, राजक के किसान धान बेचेंगे। किसानों की सहूलियत के लिए खुड़िया के 1000 हेक्टेयर की भूमि के पंजीयन को जाकड़बांधा के लिए अलग कर दिया गया है। जिनके द्वारा 50000 क्विंटल की धान की बिक्री की जाएगी। खुड़िया समिति की ओर से ग्राम जाकड़बांधा में नवीन केंद्र खोलने की पूरी तैयारी कर ली गई है, लेकिन सिर्फ एटीआर प्रबंधन की अनुमति नहीं मिलने की वजह से समस्या हो रही है। किसानों ने इस दिशा में स्थानीय विधायक और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से संज्ञान लेकर शीघ्र नवीन केंद्र खोलने की पहल करने की मांग की है।
स्टेट बोर्ड वाइल्डलाइफ की परमिशन के बिना नहीं दे सकते अनुमति
दिनेश पटेल डीएफओ एटीआर का कहना है कि बिना स्टेट बोर्ड वाइल्डलाइफ के परमिशन के हम धान खरीदी केंद्र खोलने के लिए अनुमति नहीं दे सकते। ग्राम छपरवा में 4 साल पहले धान खरीदी केंद्र खुला है, लेकिन उसके लिए अनुमति मेरे कार्यालय से जारी नहीं किया गया है। ग्राम जाकड़बांधा में नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने के लिए आवेदन आएगा तो स्टेट बोर्ड वाइल्डलाइफ को मैं पत्र लिखूंगा।
आवश्यक मार्गदर्शन के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा गया: एसडीएम
अभयजीत सिंह मंडावी एसडीएम लोरमी का कहना है कि खुड़िया समिति के संस्था प्रबंधक की ओर से स्थल चयन में हो रही समस्या को लेकर पत्राचार किया गया है। आवश्यक मार्गदर्शन के लिए मेरे द्वारा कलेक्टर को पत्र लिखा गया है।
वनांचल ग्राम राजक के किसान 30 किलोमीटर करते हैं सफर
खुड़िया से राजक की दूरी 30 किलोमीटर से अधिक है। ऐसे ही गांव के किसानों की सुविधा के लिए जाकड़बांधा में केंद्र की स्वीकृति दी गई है। वहां केंद्र खुलने से उन गांव के किसानों को सिर्फ 10 किलोमीटर सफर तय करना पड़ेगा, दूरी कम हो जाएगी, लेकिन एटीआर प्रबंधन कड़ा रुख अपना रहा है, जो किसानों के हित में नहीं है। धान खरीदी शुरू हुए 15 दिन हो चुका है, उसके बाद भी नवीन धान खरीदी केंद्र के संचालन के संबंध में अधिकारियों द्वारा सिर्फ पत्राचार किया जा रहा है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे किसानों में जमकर आक्रोश देखा जा रहा है।












