भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा के अर्थशास्त्र विभाग में प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शशि किरण कुजूर के निर्देशन में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अर्थशास्त्र परिषद का गठन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विभागाध्यक्ष डॉ. शशि किरण कुजूर ने परिषद के गठन के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा अर्थशास्त्र विषय के प्रति रुचि विकसित करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स ने नवनिर्वाचित परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
परिषद की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से कु. दुर्गा बंजारे को अध्यक्ष, कु. दिव्या ध्रुव को उपाध्यक्ष, साहिल को सचिव तथा कु. चांदनी घृतलहरे को सह-सचिव चुना गया। इसके अलावा विभाग के अन्य विद्यार्थियों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
इस अवसर पर विभाग के सभी प्राध्यापकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सम्मान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन विभाग की सहायक प्राध्यापक सुश्री इंद्राणी मरकाम ने किया, जबकि श्रीमती खिलौना कन्नौज ने आभार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।








