संविधान दिवस:कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दिलाई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ, अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा- संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए निभाएं जिम्मेदारी

बलौदाबाजार। भारतीय लोकतंत्र के गौरव, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों के प्रतीक संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को बलौदाबाजार जिले में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इसके पश्चात सभी ने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखने तथा उसके आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों का पालन करने की शपथ ली।

संविधान की मर्यादा में रहकर करें अपने दायित्वों का निर्वहन

इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है। इन्हीं संवैधानिक मूल्यों के कारण भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासकीय सेवक होने के नाते सभी की जिम्मेदारी है कि वे संविधान की भावना और उसके निर्धारित दायरे में रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। आम नागरिकों को उनके अधिकारों का लाभ दिलाने के साथ ही प्रशासनिक कार्यों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना भी आवश्यक है।

26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने किया था अंगीकृत

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारत सरकार ने वर्ष 2015 से देशभर में संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles