स्कूल आते-जाते पीछा कर परेशान करता था सिरफिरा, बिलासपुर में तंग आकर छात्रा ने की खुदकुशी, CDR से खुला राज

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर: कोटा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय स्कूली छात्रा की आत्महत्या के मामले में मर्ग जांच के बाद पुलिस ने एक युवक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित युवक नाबालिग से लगातार संपर्क में रहता था। स्कूल आने-जाने के दौरान उसका पीछा करने के साथ ही मोबाइल पर बातचीत करता था।

आरोप है कि वह स्वजन की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर छात्रा को डराता-धमकाता और मानसिक रूप से परेशान करता था। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 107 तथा पाक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

टीआइ शशिकांत भारद्वाज ने बताया कि 20 जून को 16 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू की। जांच के दौरान छात्रा के संपर्क में रहने वाले लोगों और स्वजन से पूछताछ की गई। पुलिस ने संदेही युवक पीनू उर्फ वरुण गंधर्व के मोबाइल फोन का सीडीआर भी खंगाला।

सीडीआर और बयानों से सामने आई जानकारी

मर्ग जांच के दौरान मोबाइल सीडीआर, गवाहों के कथन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को नाबालिग और युवक के बीच बातचीत की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि युवक स्कूल आने-जाने के दौरान छात्रा का पीछा करता था। परिजनों की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर उसे डराने-धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी सामने आए।

जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कोटा पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles