55 करोड़ की ठगी के आरोपी की तलाश में गुरुग्राम जाने पुलिस ने प्रार्थी से फ्लाइट की टिकट करवाई ,शिकायत पर 8 पुलिसकर्मी निलंबित

बिलासपुर।55 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में आरोपी की तलाश करने गुरुग्राम पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई अब विभागीय जांच के घेरे में आ गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए गई टीम ने ट्रेन के बजाय फ्लाइट से सफर किया और आरोप है कि हवाई टिकट का खर्च मामले के प्रार्थी से लिया गया। शिकायत की जांच के बाद बिलासपुर रेंज के IG रामगोपाल गर्ग ने कटघोरा थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।मामले में कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी ने भी निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

55 करोड़ की ठगी के आरोपी की तलाश में गई थी पुलिस टीम

पूरा मामला कटघोरा थाने में दर्ज कृष्णा जेसीबी कंपनी से संबंधित धोखाधड़ी और चोरी के प्रकरण से जुड़ा है। पुलिस को मामले में आरोपी की तलाश थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ सदस्यीय टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजा गया था।पुलिस टीम का उद्देश्य आरोपी तक पहुंचना और उसे गिरफ्तार कर वापस लाना था। लेकिन गुरुग्राम जाने के दौरान टीम द्वारा अपनाए गए यात्रा के तरीके और उसके खर्च को लेकर बाद में सवाल खड़े हो गए।शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुलिस टीम ने नियमानुसार रेल मार्ग से यात्रा करने के बजाय फ्लाइट से गुरुग्राम का सफर किया।मामला तब और गंभीर हो गया जब यह शिकायत सामने आई कि पुलिसकर्मियों के हवाई टिकट का खर्च सरकारी मद से करने के बजाय मामले के प्रार्थी से कराया गया।प्रार्थी ने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू की।

यात्रा खर्च को लेकर जांच में सामने आई गड़बड़ी

विभागीय स्तर पर हुई जांच में पुलिस टीम की यात्रा, टिकट और उससे जुड़े खर्च के दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जांच में वित्तीय अनियमितता, निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी और पद के दुरुपयोग से जुड़े आरोप सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की।बिलासपुर रेंज IG रामगोपाल गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम में शामिल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

कटघोरा थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल शामिल हैं। उनके अलावा—

उप निरीक्षक राम पाण्डेय

प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा (381)

प्रधान आरक्षक गोपाल यादव (392)

प्रधान आरक्षक राजेश कंवर (35)

आरक्षक प्रदीप राठौर (747)

साइबर सेल आरक्षक सुशील यादव (41)

रक्षित केंद्र कोरबा के आरक्षक प्रशांत सिंह (08)

को निलंबित किया गया है।

विभागीय जांच अभी जारी है।

Hot Topics

Related Articles