खैरागढ़। सरकारी विभागों पर लंबे समय से चले आ रहे करोड़ों रुपये के बिजली बिल बकाये के बीच खैरागढ़ में बिजली विभाग ने पहली बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। कनेक्शन कटते ही पूरे कार्यालय में बिजली गुल हो गई। इसके चलते नगर पालिका का कामकाज प्रभावित हुआ और कर्मचारियों को जरूरी काम मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में करते देखा गया। कार्यालय में अपने काम से पहुंचे लोगों को भी बिजली बंद होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।8 लाख 25 हजार रुपये का बिल बकाया जानकारी के अनुसार, खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय पर करीब 8 लाख 25 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है। लंबे समय से बिल का भुगतान नहीं होने के बाद बिजली विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई है। हालांकि नगर पालिका कार्यालय का बकाया बिजली बिल कुल बकाया राशि का केवल एक हिस्सा है। नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले स्ट्रीट लाइट, विभिन्न भवनों और अन्य विद्युत कनेक्शनों को शामिल करने पर कुल बकाया राशि 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन को राहत बिजली विभाग की कार्रवाई फिलहाल नगर पालिका कार्यालय के कनेक्शन तक सीमित रही। नगर पालिका के अंतर्गत आने वाली स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन को फिलहाल नहीं काटा गया है। इसके पीछे आम लोगों से जुड़ी आवश्यक सेवाओं को प्रभावित होने से बचाना प्रमुख कारण बताया जा रहा है। यदि स्ट्रीट लाइट या नल कनेक्शन काटे जाते हैं तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ सकता है। इसलिए इन आवश्यक सेवाओं से जुड़े कनेक्शनों को फिलहाल राहत दी गई है।नगर पालिका कार्यालय का कनेक्शन कटने के बाद कार्यालय में अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं होने के कारण कर्मचारियों को काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जरूरी काम निपटाने के लिए कुछ कर्मचारी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी का सहारा लेते नजर आए। वहीं, नगर पालिका कार्यालय में विभिन्न कामों के लिए पहुंचे लोगों को भी बिजली बंद होने के कारण दिक्कत हुई। कंप्यूटर और अन्य विद्युत उपकरणों के संचालन पर भी इसका असर पड़ा।











