तुमड़ीबोड़ में चोरों के हौसले बुलंद, एक ही रात तीन दुकानों को बनाया निशाना

  • विश्वनाथ देवांगन,राजनांदगांव

  • पुलिस चौकी होने के बावजूद शटर उखाड़कर चोरी, CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात

तुमड़ीबोड़। ग्राम तुमड़ीबोड़ में बीती रात चोरों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक के बाद एक तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि गांव में पुलिस चौकी स्थापित होने के बावजूद चोर बेखौफ नजर आए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर शटर से छेड़छाड़ कर दुकान के भीतर प्रवेश करते और सामान खंगालते दिखाई दे रहे हैं। CCTV फुटेज में चोरों की गतिविधियां देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे काफी निश्चिंत होकर वारदात को अंजाम दे रहे थे। चोरों ने पहले दुकानों के शटर तोड़े और इसके बाद अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि दुकानों से कुल कितने की नकदी और सामान चोरी हुआ है, इसका वास्तविक आंकड़ा पुलिस जांच और दुकान संचालकों द्वारा किए जाने वाले मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


  • पुलिस गश्त पर भी उठ रहे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव में पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद चोरों द्वारा लगातार इस तरह की वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, स्थानीय सूत्रों के अनुसार चोरी की घटना के आसपास के समय में एक पुलिस पार्टी के वहां से गुजरने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उक्त वाहन किस थाने या किस पेट्रोलिंग टीम का था। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।


  • पुराने मामलों का खुलासा नहीं, नई वारदात से बढ़ी चिंता

ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की कुछ घटनाओं का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। ऐसे में एक बार फिर तीन दुकानों में चोरी की घटना सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि पुराने मामलों में चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है, तो नई वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी आखिर कब तक होगी? फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस कब तक CCTV में कैद इन संदिग्धों तक पहुंचती है और चोरी के सामान की बरामदगी कर पाती है।

Hot Topics

Related Articles