नीट में सफलता पर शिवम का सम्मान

बलौदाबाजार/शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिसदा के पूर्व छात्र शिवम वर्मा का नीट 2026 में चयन होने और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कांकेर में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने पर विद्यालय परिवार ने सम्मान किया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिवम को मेडल पहनाकर बुके और मोमेंटो भेंट कर अभिनंदन किया गया। 2018-19 बैच के छात्र रहे शिवम ने धैर्य, संयम और एकाग्रता के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।

डॉक्टर बनने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने असफलता और परिस्थितियों के बीच भी हिम्मत नहीं छोड़ी। नीट में सफलता में विलंब होने पर उन्होंने बीएससी में प्रवेश लिया और प्रथम वर्ष की पढ़ाई पूरी की, लेकिन डॉक्टर बनने का सपना कायम रहा। इसके बाद बीएससी की पढ़ाई बीच में छोड़कर दोबारा नीट की तैयारी में जुट गए।

इस वर्ष नीट में 526 अंक हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत और जज्बे को सफलता में बदला। उनकी उपलब्धि से विद्यालय रिसदा सहित गृहग्राम पुरान में खुशी का माहौल है। सम्मान समारोह में शिवम ने विद्यालयीन स्टाफ और विद्यार्थियों से अपने अध्ययनकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निरंतर अध्ययन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को सफलता की कुंजी बताया। उनके प्रेरक संबोधन ने विद्यार्थियों में उत्साह भरा।

इस अवसर पर अनिल कुमार बंजारे, दीपचंद बंजारे, रमेश कुमार नेगी, रूपनारायण साहू, नंद कुमार मल्होत्रा, सनत खरे, भारती ऊके, अर्चना वर्मा, प्रार्थना महोबिया, महादेवी वर्मा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Hot Topics

Related Articles