सवा लाख दीपों से जगमगाया विवेकानंद सरोवर, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
बलौदाबाजार। जिले में सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। बलौदाबाजार की चौपाटी में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सवा लाख दीपों की रोशनी से विवेकानंद सरोवर जगमगा उठा।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी, सेवा और संकल्प का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं उत्सवी स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।
इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा पुलिस कार्यालय सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में साइबर जागरूकता के दीये जलाए गए। रंगोली सजाकर और दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस ने संदेश दिया कि “जैसे दीपक अंधकार दूर करता है, वैसे ही सतर्कता साइबर ठगी को दूर करती है।” कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित डिजिटल जीवन और सशक्त भारत के लिए नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने का आह्वान किया गया।
पुलिस ने लोगों को मजबूत पासवर्ड रखने, ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने, ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सतर्कता बरतने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जागरूक किया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों से बचाव के लिए सजग रहने का संदेश दिया गया।








