बारिश-बाढ़ से हुए मकान और फसल नुकसान का 15 दिन में मिलेगा मुआवजा, कलेक्टर ने दिए निर्देश

तहसीलदार-पटवारियों को सर्वे की जिम्मेदारी, एसडीएम करेंगे मॉनिटरिंग; 100 से अधिक लंबित राजस्व प्रकरणों पर नोटिस जारी करने के निर्देश

बलौदाबाजार। जिले में हाल ही में हुई बारिश और बाढ़ से प्रभावित गांवों में मकान एवं फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित हितग्राहियों को 15 दिन के भीतर मुआवजा राशि वितरित की जाएगी। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के तहत क्षति के प्रकरण तैयार कर नियमानुसार मुआवजा वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि प्रभावित गांवों में तहसीलदार अपने अधीनस्थ पटवारियों के माध्यम से मकान और फसल क्षति का सर्वे कराएं तथा वास्तविक नुकसान के आधार पर रिपोर्ट तैयार करें। सभी एसडीएम सर्वे और प्रकरणों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि पात्र प्रभावितों को निर्धारित समय-सीमा में मुआवजा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

100 से अधिक लंबित राजस्व प्रकरणों पर होगी कार्रवाई

बैठक में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान त्रुटि सुधार से संबंधित बड़ी संख्या में मामले लंबित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए 100 से अधिक लंबित प्रकरणों के संबंध में संबंधित नायब तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए कहा।

डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष खसरों का सर्वे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार अधिक संख्या में सर्वेयर तैनात करने को कहा, ताकि निर्धारित समय में सर्वे कार्य पूरा किया जा सके।

प्रत्येक विकासखंड में 10 स्थानों पर बनेंगे सुरभि गोठान

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखंड में निर्धारित 10-10 स्थानों पर सुरभि गोठान निर्माण के प्रस्ताव जल्द तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। वहीं, स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत 136 स्कूलों में निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने को कहा। शेष स्थानों के लिए भी जल्द स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

अधूरे आवास जल्द पूरे कराएं, राशि वसूली के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए राशि मिल चुकी है, लेकिन वे निर्माण कार्य शुरू नहीं कर रहे हैं या उसे पूरा करने में रुचि नहीं ले रहे हैं, उनसे नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई की जाए।

युवा उड़ान कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

कलेक्टर ने 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले युवा उड़ान कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला ऑडिटोरियम में कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

 ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन सहित योजनाओं की समीक्षा

समय-सीमा की बैठक में ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन, लंबित राजस्व प्रकरण, सीपी ग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल किसान किताब, सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु पोर्टल और न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों का प्राथमिकता से निराकरण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत की सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित जिले के सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles