नशा मुक्ति अभियान को लेकर बैठक, 6 अक्टूबर को निकलेगी जागरूकता रैली

विकास सिन्हा/कांकेर(तालाकुर्रा)पोटगांव। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने तथा युवाओं और आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से गांव में नशा मुक्ति अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के बढ़ते प्रभाव, इससे होने वाले सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा नशा मुक्ति को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 6 अक्टूबर को गांव में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली के माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं एवं आम नागरिकों को शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाएगा।

रैली के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशामुक्त गांव—स्वस्थ समाज” सहित विभिन्न जनजागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि रैली के आयोजन की जानकारी एवं अनुमति/व्यवस्था के संबंध में स्थानीय थाना में आवेदन एवं सूचना दी जाएगी। रैली को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

आयोजकों ने गांव के युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे 6 अक्टूबर को आयोजित होने वाली नशा मुक्ति जागरूकता रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और नशामुक्त गांव एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।

बैठक में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Hot Topics

Related Articles