जियाउल खान ,लखनपुर /सरगुजा ।
- शासकीय हॉस्पिटल से एनएच मार्ग तक होगा निर्माण, शासन से मिली प्रशासनिक स्वीकृति
लखनपुर। नगर पंचायत लखनपुर में बहुप्रतीक्षित गौरव पथ निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नगर में 541.70 लाख रुपए की लागत से शासकीय हॉस्पिटल से एनएच मार्ग तक गौरव पथ का निर्माण कराया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय द्वारा इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
नगर पंचायत लखनपुर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति राजेश अग्रवाल एवं मंत्री सावित्री दिनेश साहू के प्रयासों तथा शासन के निर्देशानुसार गौरव पथ निर्माण को स्वीकृति मिली है। विभागीय आदेश क्रमांक FINANCE/3602/1618/2026/UAD/394690 दिनांक 05/10/2026 के माध्यम से कार्य को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।
नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि गौरव पथ निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। निर्माण से नगर की सड़क व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
गौरव पथ निर्माण की स्वीकृति मिलने से नगरवासियों में खुशी का माहौल है। नगर पंचायत की ओर से कार्य की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया है।
541.70 लाख की लागत से बनने वाला यह गौरव पथ लखनपुर के विकास और नगर सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






