भाटापारा। 20वें एशियन गेम्स 2026 में खेल प्रशासक के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर छत्तीसगढ़ लौटे छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया से जिला ओलंपिक संघ बलौदाबाजार के सचिव आदित्य सिंह ठाकुर ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के स्पीकर हाउस में आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान आदित्य सिंह ठाकुर ने उन्हें एशियन गेम्स में भारतीय दल के उत्कृष्ट प्रदर्शन और उनकी भूमिका के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के दौरान डॉ. सिसोदिया खेल प्रशासक के रूप में वहां मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान डॉ. सिसोदिया ने जिला ओलंपिक संघ बलौदाबाजार की खेल गतिविधियों की सराहना की और खेलों के विकास को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने जिले में खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाने तथा खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के सचिव तथा छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव हैं। वे वर्ष 2017 के कॉमनवेल्थ गेम्स सहित टेनिस और बैडमिंटन की कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व खेल प्रशासक के रूप में कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ में आगामी 40वें नेशनल गेम्स के आयोजन को लेकर भी डॉ. सिसोदिया लगातार प्रयासरत हैं। उनके अनुभव और सक्रियता से प्रदेश में खेलों के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर ओलंपिक संघ के पदाधिकारी अनुपम अग्रवाल, धीरज वाजपेयी, राजकुमार मल, आशीष सिंह, शैलेश सिंह ठाकुर, वर्षा मिरी, वंदना तिवारी, वीरेंद्र पटेल सहित जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने डॉ. सिसोदिया को शुभकामनाएं दीं।






