जोन क्रमांक 3 के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर लिया जायजा, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
भाटापारा। नगर पालिका भाटापारा के जोन क्रमांक 3 में स्वास्थ्य विभाग के सभापति सतीश तलरेजा ने विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण कर शहर की स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके निरीक्षण से सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की सक्रियता साफ नजर आई।

निरीक्षण के दौरान सतीश तलरेजा ने वार्डों में सड़क एवं नालियों की साफ-सफाई, कचरा उठाव, जल निकासी तथा सार्वजनिक स्वच्छता की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित कर्मचारियों से सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सभापति ने स्पष्ट रूप से कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वार्डों में नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और नालियों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
सतीश तलरेजा ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि हर वार्ड में निरंतर और प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भाटापारा के निर्माण में नगर पालिका के साथ नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। वार्डों के नियमित निरीक्षण के माध्यम से समस्याओं को मौके पर चिन्हित कर उनके निराकरण की दिशा में कार्य किया जाएगा।
स्वास्थ्य सभापति के इस निरीक्षण के दौरान संबंधित नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।






