बलौदाबाजार, 24 अक्टूबर 2026। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं एवं अधिकारियों के दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी जिम्मेदारी और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों से राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर प्रश्न पूछकर उसका समाधान करने को कहा, ताकि मैदानी स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समय-सीमा में त्रुटिरहित जनगणना कराने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि जिले में जनगणना का कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रथम चरण की तुलना में गणना पत्रक में अधिक जानकारी संकलित की जाएगी। इसके कारण प्रत्येक परिवार से जानकारी एकत्र करने में अधिक समय लगेगा। ऐसे में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के लिए अधिक संख्या में प्रगणकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने नागरिकों से भी जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा नियुक्त प्रगणकों एवं अधिकृत कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
10 जनवरी से 24 जनवरी तक होगी स्व-गणना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में नागरिकों को 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक वेब पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से स्व-गणना करने का अवसर मिलेगा।
इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रारूप के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि एवं जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना कार्य के सभी चरणों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरा करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में जनगणना के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जनगणना के आंकड़ों को सही तरीके से संकलित करने, डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने तथा कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी (डीपीएसओ), ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी तथा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।







