हिस्से के विवाद में कलयुगी बेटे ने पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत , आरोपी गिरफ्तार , ग्राम सेलर की घटना

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर/सीपत। संपत्ति के हिस्से और बंटवारे को लेकर उपजे विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता पर पहले दरवाजे में लगाने वाले लोहे के हुक से हमला किया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे पिता को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे आशाराम केंवट (64 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। सीपत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी दूरपति बाई रात्रे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता विश्राम केंवट बुजुर्ग होने के कारण पिछले 18-20 वर्षों से उसके साथ रह रहे थे। वह अपने परिवार के साथ उनकी देखभाल करती थी। उसके तीन भाई और तीन बहनें हैं। बड़ा भाई आशाराम केंवट अपने परिवार के साथ ग्राम बरेली में रहता है।

घटना 11 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे की है। दूरपति बाई अपने घर की बाड़ी में काम कर रही थी, जबकि उसके पिता आंगन में बैठे थे। इसी दौरान उसकी बेटी सीमा ने आकर बताया कि मामा आशाराम घर आए हैं और नाना से विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलते ही दूरपति बाई बेटी के साथ घर पहुंची तो देखा कि उसके भाई आशाराम ने पिता विश्राम केंवट के साथ मारपीट कर उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आग की चपेट में आने से पिता का आधा शरीर बुरी तरह झुलस गया था। बेटी ने गमछे की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल 108 एंबुलेंस से उन्हें सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर सीपत पुलिस ने आरोपी आशाराम केंवट के खिलाफ अपराध क्रमांक 625/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Hot Topics

Related Articles