अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों हाथियों की लगातार आवाजाही ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। विशेष रूप से उदयपुर क्षेत्र में कुख्यात ‘कबरा’ हाथी और अन्य हाथियों के दल की सक्रियता से ग्रामीणों के बीच भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। शाम ढलते ही लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं और जंगल से सटे गांवों में ग्रामीणों को रातें रतजगा कर बितानी पड़ रही हैं।
हाथियों के इस बढ़ते खतरे और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग ने एक बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। प्रभावित इलाकों और हाथियों के विचरण मार्ग के आसपास स्थित करीब 20 सरकारी और निजी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, इन सभी विद्यालयों में आगामी आदेश तक अवकाश घोषित कर दिया गया है ताकि स्कूल आते-जाते समय किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके।
वर्तमान में वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है और हाथियों के दल की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। वन अमले द्वारा गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है और उन्हें जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक हाथियों का दल सुरक्षित रूप से क्षेत्र से बाहर नहीं निकल जाता और स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक स्कूल बंद रहेंगे।












