बलौदाबाजार,18 नवम्बर 2026,16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान सुरक्षित आहार, हमर अधिकार संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा जिले के विभिन्न होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बलौदाबाजार स्थित के.जी.एन. 786 बिरयानी सेंटर में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। प्रतिष्ठान के कुकिंग एरिया में अत्यधिक गंदगी तथा वाशिंग एरिया में जल-जमाव की स्थिति पाई गई। इसके अतिरिक्त, तैयार खाद्य पदार्थों जैसे चिकन बिरयानी, रोस्ट एवं चिल्ली में कृत्रिम खाद्य रंगों का उपयोग होते पाया गया, जिसे टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कराया गया। परिसर में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की कमी तथा स्टोर एरिया में खाद्य सामग्रियों का रख-रखाव अत्यंत अव्यवस्थित मिला। प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मचारियों में व्यक्तिगत स्वच्छता का अभाव देखा गया और उनके द्वारा हेड कवर, मास्क एवं एप्रोन का उपयोग नहीं किया जा रहा था। साथ ही, पेस्ट कंट्रोल एवं मक्खी ट्रैप आदि से संबंधित अनिवार्य दस्तावेजों का संधारण भी नहीं पाया गया। उक्त गंभीर कमियों के आधार पर के.जी.एन. 786 बिरयानी सेंटर का खाद्य पंजीयन 5 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है तथा कमियों का निराकरण व स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित होने तक संचालन पर रोक लगाई गई है।
इस अभियान के तहत टीम द्वारा राज ढाबा सकरी बायपास रोड, बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़ ढाबा साईं मंदिर के पास, रायपुर रोड, बलौदाबाजार, अपना ढाबा रायपुर रोड, बलौदाबाजार, जायसवाल भोजनालय एवं बिरयानी सेंटर बलौदाबाजार, कर्मा रेस्टोरेंट मेन रोड, कसडोल, पैलेस ऑफ पैराडाइस होटल एंड रेस्टोरेंट कसडोल, शंकर ढाबा डोंगरीडीह, कसडोल तथा संजीव एजेंसी कसडोल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान गुणवत्ता जांच हेतु पनीर, दही, गाय का दूध, रुचि नंबर वन वनस्पति, सिल्वर ड्रॉप रिफाइंड सनफ्लावर ऑयल एवं अनिक घी के नमूने संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता एवं हाईजिन मानकों में कमियां पाए जाने पर राज ढाबा, छत्तीसगढ़ ढाबा, अपना ढाबा, जायसवाल भोजनालय एवं बिरयानी सेंटर तथा शंकर ढाबा के संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर करने हेतु निर्देश दिए है।












