ग्राम बिलखंड में मिनी जियो टावर के बावजूद नेटवर्क की समस्या, ग्रामीण और छात्र परेशान

राजकुमार अग्रवाल , बिलखंड/बसना, महासमुंद। महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिलखंड में मिनी जियो टावर स्थापित होने के बावजूद मोबाइल नेटवर्क की समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि टावर होने के बाद भी कॉलिंग और इंटरनेट सेवा संतोषजनक नहीं है, जिससे दैनिक कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार नेटवर्क बार-बार गायब हो जाता है या इंटरनेट की गति बेहद धीमी रहती है। इसके कारण ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को कक्षाओं में जुड़ने, अध्ययन सामग्री डाउनलोड करने और ऑनलाइन परीक्षाओं की तैयारी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आवश्यक शैक्षणिक कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाता।

केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि किसान, व्यापारी और आम नागरिक भी इस समस्या से प्रभावित हैं। ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सरकारी पोर्टलों पर आवेदन और अन्य इंटरनेट आधारित सेवाओं का उपयोग करने में लोगों को परेशानी हो रही है। कई बार मोबाइल कॉल भी बीच में कट जाती है या स्पष्ट आवाज नहीं आती।

ग्रामीणों ने दूरसंचार कंपनी और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बिलखंड में नेटवर्क की तकनीकी जांच कर जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध मोबाइल और इंटरनेट सेवा मिल सके तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

Hot Topics

Related Articles