lबलौदाबाजार (मोहन तिवारी) शहर में शुक्रवार 31 जुलाई को नगर भवन में रफी नाइट का 16वां भव्य आयोजन होगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस सांस्कृतिक समारोह में मोहम्मद रफी के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति के साथ अंचल के उभरते कलाकारों को मंच मिलेगा। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा होंगे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, डीएफओ गणवीर धम्मशील और एसपी राय गौरव रामप्रवेश मौजूद रहेंगे। इस वर्ष के आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोककला की पहचान पद्मश्री तीजनबाई को विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। पंडवानी कलाकार उनकी स्मृति में प्रस्तुति देकर उन्हें नमन करेंगे।






