ANTF और सांकरा पुलिस की कार्रवाई, गांजा तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान एएनटीएफ और थाना सांकरा पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेटा और स्विफ्ट कार सहित कुल 17 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ओडिशा से रायपुर की ओर ले जा रहे थे

गांजा पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश मिले थे। इसी के तहत जिले में लगातार वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान थाना सांकरा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा लेकर सांकरा होते हुए रायपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बल्दीड़ीह चौक, एनएच-53 रोड सांकरा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।

क्रेटा और स्विफ्ट कार से मिला गांजा

कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक क्रेटा कार और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहनों में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 37.300 किलो गांजा जब्त किया और आरोपियों को हिरासत में लिया।

17 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई दो कारें और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति में: 37.300 किलो गांजा – कीमत करीब 7.40 लाख रुपये क्रेटा कार – कीमत करीब 6 लाख रुपये स्विफ्ट कार – कीमत करीब 3 लाख रुपये 6 मोबाइल फोन – कीमत करीब 70 हजार रुपये कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 17 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

7 आरोपियों पर नारकोटिक्स एक्ट में कार्रवाईपुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 160/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू, सुमित शर्मा, देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, गितेश नायक, नवसागर पटेल उर्फ नूतन और मंसुर खान शामिल हैं। सभी आरोपी महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजा सप्लाई के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों के अनुसार अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles